पटना एक्सप्रेस से 230 कैन बीयर बरामद, केले के बोरों में छिपाकर की जा रही थी तस्करी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बरहरवा : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सीआईबी मालदा की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई सीआईबी मालदा के उपनिरीक्षक नंदन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल नुपुर बरन मिद्या तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान और प्लेटफॉर्म ड्यूटी स्टाफ हेड कांस्टेबल पिनाकी सरकार की टीम ने संयुक्त रूप से की।
जांच के दौरान ट्रेन के द्वितीय अंतिम जनरल कोच (GS) संख्या ER-132454 के वेस्टिब्यूल में छह प्लास्टिक बोरे और “कश्मीर एप्पल” अंकित दो कार्टन संदिग्ध अवस्था में पाए गए। बोरे केले से भरे हुए थे। तलाशी लेने पर टीम को केले के बीच छिपाकर रखे गए Haywards 5000 Premium Strong Beer के कुल 230 कैन बरामद हुए। प्रत्येक कैन 500 मिलीलीटर क्षमता का था।
मौके पर मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने उक्त सामान पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बरामद शराब को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की सहायता से स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर उतारकर लावारिस सामान के रूप में जब्त कर लिया गया।
आरपीएफ के अनुसार बरामद विदेशी शराब की कुल मात्रा 1,15,000 मिलीलीटर (115 लीटर) है, जिसकी अनुमानित कीमत 25,300 रुपये आंकी गई है। मामले की जानकारी उत्पाद विभाग साहेबगंज को दे दी गई है। संबंधित विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब को किसके द्वारा और कहां भेजा जा रहा था।

