राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरी भारती हाई स्कूल, हल्दीपोखर में पोटका थाना की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने छात्र-छात्राओं को नाबालिगों के घर से भाग जाने, नशापान के दुष्परिणाम, साइबर अपराध से बचाव तथा पॉक्सो एक्ट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बच्चों को किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में नहीं आने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल डायल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 की सहायता लेने की जानकारी दी। साथ ही नशे से दूर रहने और किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना अभिभावकों अथवा पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, थाना के अन्य सब-इंस्पेक्टर समेत पुलिसकर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

