*परिचित से मिलने साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी खुशबू कुमारी, पुलिस जांच में जुटी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया स्थित सतबहिनी के साई कृष्णा हेवन सिटी आवासीय परिसर में गुरुवार सुबह बहुमंजिला इमारत से गिरने के कारण 22 वर्षीय खुशबू कुमारी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतका सतबहिनी की निवासी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खुशबू सुबह किसी परिचित से मिलने की बात कहकर आवासीय परिसर पहुंची थी। बताया जाता है कि वह फ्लैट संख्या 515 में गई थी। इसी दौरान सुबह करीब 8 से 8:30 बजे के बीच वह इमारत के ऊपरी हिस्से से नीचे गिर गई। जमीन पर गिरने से गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती की मौत दुर्घटनावश हुई अथवा उसने ऊंचाई से छलांग लगाई। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फ्लैट में युवती के पहुंचने, वहां मौजूद लोगों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

