“फांसी पर चढ़ जाऊंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा”: जयराम महतो का पलटवार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद/रांची। बरवाअड्डा थाना मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने झारखंड पुलिस एसोसिएशन की सार्वजनिक माफी की मांग पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि “फांसी पर चढ़ जाऊंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा।” विधायक ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ अपनी आवाज जारी रखने की बात भी कही।
बरवाअड्डा थाना परिसर में 21 अगस्त की घटना को लेकर विधायक के खिलाफ कथित मारपीट, गाली-गलौज और हिरासत में बंद व्यक्ति को छुड़ाने के आरोपों से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस एसोसिएशन ने विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी।
इधर, जयराम महतो ने झारखंड विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर मामले में निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे कानून से ऊपर नहीं हैं और न ही किसी विशेष संरक्षण की मांग कर रहे हैं। यदि उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक ने दावा किया कि वह गणेश दास नामक व्यक्ति को पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे। उनका कहना है कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई रोकने या आरोपी को छुड़ाने के लिए दबाव नहीं बनाया। उन्होंने थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और मौजूद पुलिस अधिकारियों के आधार पर घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जयराम महतो ने विधानसभा अध्यक्ष से अपने मामले में समान और न्यायपूर्ण प्रक्रिया अपनाने का आग्रह किया है। उनके बयान के बाद पुलिस एसोसिएशन और विधायक के बीच विवाद और बढ़ने के आसार हैं।

