राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर, जादूगोड़ा और आसपास के दर्जनों गांवों में Jio की मोबाइल सेवा पिछले कई महीनों से चरमराई हुई है। नेटवर्क बाधित रहने से हजारों उपभोक्ताओं को कॉल, इंटरनेट, OTP और ऑनलाइन लेन-देन में परेशानी हो रही है।
हल्दीपोखर की मुखिया एवं भाजपा नेत्री देवी भूमिज ने Jio प्रबंधन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सेवा में सुधार नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता हर महीने रिचार्ज का पैसा दे रहे हैं, लेकिन उन्हें उचित सेवा नहीं मिल रही।
खराब नेटवर्क से सरकारी कार्य, डिजिटल भुगतान, बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी आपात सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। भाजपा नेता मनोज प्रताप सिंह ने भी चेतावनी दी कि नेटवर्क नहीं सुधरा तो भाजपा कार्यकर्ता मुखिया के साथ Jio कार्यालय का घेराव करेंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

