सोनारी भूतनाथ मंदिर में महिला की पांच लाख की सोने की चेन चोरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी स्थित भूतनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर पूजा करने पहुंची रीना चौधरी के गले से करीब पांच लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चोरी हो गई। पीड़िता के अनुसार, मंदिर में प्रवेश के दौरान चेन उनके गले में थी।
रीना चौधरी अपनी सहेली के साथ सोमवार दोपहर करीब पौने 12 बजे मंदिर पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनके पीछे आए। इनमें से एक महिला ने उन्हें सहेली से अलग कर दिया, जबकि अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। पूजा के बाद बाहर निकलने पर सहेली ने चेन गायब होने की जानकारी दी।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान के साथ संभावित गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है।

