सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर सोमवार को जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्रके विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु नदी और विभिन्न जलस्रोतों से पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के दरबार पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।
समाजसेवी राजकुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्रों के शिव मंदिरों में सुबह से ही “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु उपवास रखकर भगवान शिव की आराधना में जुटे रहे।
मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी। कई स्थानों पर स्वयंसेवकों ने कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने में सहयोग किया। अंतिम सोमवारी होने के कारण भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया और लोगों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हुए भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर पोटक के विधायक संजीव सरदार उपस्थित थे
सावन के अंतिम सोमवार को भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इसी कारण सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा शहर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

