राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
लगातार हो रही बारिश और बूंदाबांदी के बीच डुमरा पंचायत के बैगनडीह टोला में बिरेन मंडल का मिट्टी का घर अचानक ढह गया। घटना में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग से हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घर जमींदोज होने के बाद मजदूरी कर परिवार चलाने वाले बिरेन मंडल के सामने रहने और बारिश से बचने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने पंचायत की मुखिया पियों हांसदा से मदद की गुहार लगाई है।
मामले की जानकारी मिलने पर मुखिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विभागीय स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की अनुशंसा की है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग दिलाने का भरोसा दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी तत्काल राहत, आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है।

