मौनी बाबा मंदिर आश्रम में आग, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मौनी बाबा मंदिर आश्रम में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग आश्रम के उस हिस्से में लगी, जहां गायों को रखा गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बिजली बोर्ड में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण पास में रखे पुआल में आग लग गई, जिसके बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। आश्रम में मौजूद गायों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया।
समाचार लिखे जाने तक स्थानीय लोग आग पर काबू पाने में लगे हुए थे। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के घायल होने या किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

