*पांच लाख के जेवर समेत 27 सामान जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
खरसावां के आमदा ओपी पुलिस ने चोरी के सामान की बरामदगी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और हाथ घड़ी समेत करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सामान बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को सूचना मिली थी कि आमदा ओपी क्षेत्र के गुल्लूजिया बस्ती निवासी ललन सिंह मोदी उर्फ टीका सिंह मोदी के घर चोरी के गहने छिपाकर रखे गए हैं। सूचना का सत्यापन करने पहुंची पुलिस टीम के दौरान ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान ललन सिंह मोदी के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी ली गई, जहां एक संदूक से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान मिले।
पुलिस ने ललन मोदी के अलावा अनु मोदी, रूपा मोदी और कुंती मोदी को भी गिरफ्तार किया है। बरामद सामान में पायल, लॉकेट, कान की बालियां, नथिया, ताबीज, चांदी की चूड़ियां, कड़ा, अंगूठियां, बिछिया, मंगलसूत्र, चांदी की चेन सहित मोबाइल और घड़ी शामिल हैं। कुल 27 प्रकार के सामान जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई सरायकेला थाना कांड संख्या 36/26 और खरसावां थाना कांड संख्या 37/26 से जुड़े चोरी के सामान की जांच के दौरान हुई। आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

