गुमला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 लाख के इनामी JJMP कमांडर समेत चार उग्रवादी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गुमला: झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुमला पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर डुमरी थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रतिबंधित संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के पांच लाख रुपये के इनामी सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा उर्फ रामदेव उरांव समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि JJMP का सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा अपने दस्ते के सदस्यों के साथ आकाशी और जयरागी गांव के आसपास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद सुरक्षा बलों की विशेष टीम गठित कर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रामदेव लोहरा समेत उसके तीन अन्य सहयोगियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पांच लाख के इनामी रामदेव लोहरा निवासी बींगड़ा, थाना लातेहार, जिला लातेहार के अलावा एरिया कमांडर अरविंद नायक निवासी कोने, थाना लातेहार, मुनेश्वर सिंह निवासी किटा मक्का, थाना जोबांग, जिला लोहरदगा और सक्रिय सदस्य जितेन्द्र लोहरा निवासी उजरा, थाना डुमरी, जिला गुमला शामिल हैं।
अत्याधुनिक हथियार और संचार उपकरण बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उग्रवादियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। बरामदगी में एक AK-56 राइफल मैगजीन सहित, एक SLR राइफल, एक सेमी-ऑटोमेटिक राइफल, एक वॉकी-टॉकी और आठ मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री शामिल है।
पुलिस अब गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर उनके संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों, हथियारों के स्रोत और संभावित साजिश के संबंध में जानकारी जुटा रही है। सुरक्षा बलों का अभियान इलाके में लगातार जारी है।

