राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने विधानसभा में चांडिल डैम से प्रभावित 116 गांवों के विस्थापितों के पुनर्वास, मुआवजा और सिंचाई का मुद्दा उठाया। सरकार ने बताया कि डैम से 19,177 परिवार प्रभावित हुए हैं। इनमें 15,221 परिवारों की विकास पुस्तिका तैयार है, जबकि 1,113 पात्र परिवारों को आवास अनुदान का भुगतान अब भी लंबित है। 22 पुनर्वास स्थलों में नौ अब तक अविकसित हैं।
विधायक ने कहा कि विस्थापितों के पुनर्वास और सिंचाई को लेकर सरकार की पहल संतोषजनक नहीं है। उन्होंने 116 गांवों के लंबित पुनर्वास कार्यों को शिविर लगाकर जल्द पूरा कराने की मांग की। वहीं, मैसाड़ा सुवर्णरेखा डैम से करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में लिफ्ट सिंचाई से 50 गांवों को लाभ पहुंचाने तथा नीमडीह-कुकड़ू की 9,336 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई योजना पर सरकार विचार कर रही है।

