राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गम्हरिया और आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर अवैध शराब के कई ठिकानों का ध्वस्त किया गया। विभागीय टीम ने गम्हरिया के जामजोड़ा तथा आदित्यपुर के सापड़ा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ, देसी महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सोनू कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मौके से एक स्कूटी भी जब्त किए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित, महेंद्र रविदास समेत उत्पाद विभाग के जवान शामिल थे। विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप है।

