राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (काशी) से लाई गई पवित्र मिट्टी से सुशोभित कलश यात्रा का पूर्वी सिंहभूम जिले में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के नेतृत्व में रांची से पहुंची कलश यात्रा का गालूडीह स्थित पुटूरु टोल प्लाजा पर भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ स्वागत किया।
इसके बाद कलश यात्रा घाटशिला होते हुए मऊभंडार स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश के दर्शन कर गुरु रविदास जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी ने बताया कि यह पवित्र कलश 6 अगस्त तक शिव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद इसे जिले के विभिन्न शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर के मंदिरों तक ले जाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर सकें।
इस अवसर पर काजल महाकुंभ, हेमंत नारायण देव, जगन्नाथ कालिंदी, दीपक दंडपत, राजकुमार कर सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं स्वागत कार्यक्रम में बाबूलाल सोरेन, लखन मार्डी, नवल किशोर सिंह, विश्वनाथ बेहरा, राजाराम महतो, अमरदीप शर्मा, जयंत घोष, विजय पांडे, तनुश्री नंदा, काकुली सिंह, सौरभ हांसदा, रीना महाली, रवीना वाल्मीकि, सुरेश मुखी, विवेक महापात्र, शिवा मुदलियार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

