कोवाली पुलिस ने अवैध पत्थर लदे मालवाहक वाहन को किया जब्त, खनन विभाग से मांगी जांच रिपोर्ट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। कोवाली थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे कोवाली गांव के टोला नूतनडीह स्थित पुराने आंगनबाड़ी केंद्र के समीप कार्रवाई करते हुए अवैध पत्थर लदे एक मालवाहक वाहन को जब्त किया। वाहन पर बिना वैध कागजात के सफेद पत्थर एवं ग्रीन स्टोन लोड किया जा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर कोवाली थाना ले आई। मामले की जांच के लिए जिला खनन पदाधिकारी को पत्र भेजा गया है, ताकि पत्थरों की वैधता एवं परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा सके।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध पत्थर कारोबार संचालित किया जा रहा है। बताया जाता है कि ओडिशा के लायलाम घाटी क्षेत्र से अवैध रूप से सफेद एवं ग्रीन पत्थर लाकर विभिन्न स्थानों पर स्टॉक किया जाता है। इसके बाद इन्हें मालवाहक वाहनों के माध्यम से जमशेदपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भेजा जाता है।

