सोनारी के राजकीय जनता मध्य विद्यालय में साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: युवाओं और स्कूली बच्चों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सोनारी स्थित राजकीय जनता मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में साइबर थाना के प्रभारी श्रीनिवास एवं साइबर थाना के सब-इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर देता है, इसलिए इससे दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और छात्रों को जागरूक नागरिक बनने तथा साइबर अपराध एवं नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया। विद्यार्थियों ने भी अधिकारियों से साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित डिजिटल जीवन और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

