जहानाबाद, बिहार बंद को लेकर जहानाबाद में हाई अलर्ट, चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात, एसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग।
राष्ट्र संवाद संवादाता
जहानाबाद बिहार बंद के मद्देनजर जहानाबाद जिला पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील नजर आ रहा है। जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक सुबह से ही जिले के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व छात्रों के उग्र प्रदर्शन के दौरान जिले में हिंसक घटनाएं हुई थीं। प्रदर्शनकारियों द्वारा डीएम आवास पर पथराव किया गया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी थी। शहर के कई हिस्सों में तोड़फोड़ और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने शुक्रवार को जहानाबाद पहुंचकर घटनास्थलों का निरीक्षण किया था। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ विशेष ब्रीफिंग कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील इलाकों में सतर्क तैनाती और आम लोगों के साथ संयमित व्यवहार करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में बिहार बंद के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले के प्रमुख बाजारों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहा है।
प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिहार बंद को लेकर जहानाबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

