साकची के बाराद्वारी में बंद क्वार्टर बना चोरों का निशाना, 5.5 लाख की चोरी
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित बाराद्वारी में बंद पड़े एक क्वार्टर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बाराद्वारी निवासी चौधरी ब्राह्मण नारायण किसी पारिवारिक कार्य से अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इस दौरान उनका घर बंद था। जब वे वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे थे।
चोरों ने घर में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब तीन लाख रुपये नकद और लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साकची थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
इस मामले में साकची थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

