सोनारी में सूदखोरी, मारपीट और ठेला बंद कराने का आरोप; एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 22 जुलाई: सोनारी थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा निवासी एवं “एम.बी.ए. गोलगप्पावाला” के संचालक बजरंग प्रसाद ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत देकर सूदखोरी, मारपीट, धमकी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा निर्भय होकर अपना व्यवसाय संचालित करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने कथित रूप से मनीष सिंह से 1.70 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस राशि पर 10 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया गया और सुरक्षा के नाम पर उनसे दो हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक भी लिए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि वह मूल राशि से अधिक, लगभग दो लाख रुपये नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से चुका चुके हैं, जिसके साक्ष्य उनके पास उपलब्ध हैं।
बजरंग प्रसाद का आरोप है कि भुगतान के बावजूद उनसे अतिरिक्त राशि की मांग की जाती रही। उन्होंने यह भी कहा कि 11 फरवरी 2026 को सोनारी थाना में दबाव बनाकर उनसे एक सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए, जिसमें चार माह के भीतर दो लाख रुपये लौटाने की बात लिखवाई गई।
शिकायत में कहा गया है कि 21 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे मनीष सिंह, प्रकाश ठाकुर तथा बिष्टुपुर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी बलराम साहू उनके गोलगप्पा ठेले पर पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट तथा अतिरिक्त ब्याज की मांग की। विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की गई, पिता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया तथा ठेला बंद करने और दोबारा दुकान लगाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
शिकायत में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे और पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार पर भी शिकायतकर्ता को बार-बार थाना बुलाकर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि शांति समिति के एक सदस्य के संरक्षण में यह पूरा घटनाक्रम हुआ।
बजरंग प्रसाद ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित सूदखोरी, मारपीट और धमकी के आरोपों की विधिसम्मत जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उन्हें पूर्ववत अपना गोलगप्पा ठेला संचालित करने की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

