टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पीएफ भुगतान का मुद्दा उठा, एआईटीयूसी ने पीएफ कमिश्नर को सौंपा मांगपत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भविष्य निधि (पीएफ) भुगतान का मामला एक बार फिर जोर-शोर से उठाया गया है। इस संबंध में एआईटीयूसी के महासचिव रामजीवन कामत के नेतृत्व में यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीएफ कमिश्नर से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र भुगतान की मांग करते हुए मांगपत्र सौंपा।
एआईटीयूसी के अध्यक्ष अंबुज कुमार ठाकुर ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक सेवानिवृत्त हुए कई कर्मचारियों का पीएफ सेटलमेंट अब तक नहीं हो सका है। सेवानिवृत्ति के सात महीने बीत जाने के बावजूद भुगतान लंबित रहने से कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक कंपनी की सेवा करने के बाद कर्मचारी इस उम्मीद के साथ सेवानिवृत्त होते हैं कि उन्हें समय पर पीएफ की राशि मिल जाएगी, लेकिन भुगतान में हो रही देरी से उनमें निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने पीएफ कमिश्नर से मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर सभी लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग की। इस पर पीएफ कमिश्नर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों के खातों का स्थानांतरण पुणे कार्यालय में होने के बाद प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित पीएफ दावों का जल्द से जल्द सेटलमेंट सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यूनियन ने उम्मीद जताई है कि विभाग अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनका लंबित पीएफ भुगतान समय पर मिल सके।

