जमशेदपुर में धूमधाम से निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: आस्था, श्रद्धा और भक्ति का महापर्व भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा इस वर्ष पूरे जमशेदपुर में पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। शहर के विभिन्न इलाकों में अलग-अलग धार्मिक समितियों और संस्थाओं की ओर से रथ यात्रा निकाली जाएगी। रथ यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बिष्टुपुर स्थित इस्कॉन (ISKCON) की रथ यात्रा आंध्र भक्त श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होगी। यह यात्रा गोपाल मैदान, जुस्को गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम और साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए साकची वाहन पड़ाव तक पहुंचेगी। वहीं कदमा इस्कॉन की रथ यात्रा उलियान स्थित जगन्नाथ मंदिर से निकलकर कदमा मार्केट, गणेश पूजा मैदान, कदमा थाना और विमेंस कॉलेज होते हुए विश्वजीत मणिमेला मैदान तक जाएगी।
इसके अलावा सोनारी, टेल्को तथा बागबेड़ा-जुगसलाई क्षेत्रों में भी विभिन्न पूजा समितियों द्वारा भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथ यात्रा के मद्देनजर शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। बिष्टुपुर वोल्टास बिल्डिंग से रीगल गोलचक्कर तक दोनों ओर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा मानगो चौक और डिमना चौक की ओर जाने वाले वाहनों को पारडीह चौक समेत अन्य वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें तथा यात्रा मार्गों पर सहयोग बनाए रखें, ताकि रथ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

