राष्ट्र संवाद संवाददाता
बड़ा गम्हरिया बस्ती में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु जी की रथ यात्रा महोत्सव प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस बावत जानकारी देते हुए श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु रथ यात्रा संचालन समिति के प्रमुख ठाकुर दुर्लभ दास ने बताया कि समिति की ओर से लगभग 150 वर्षों से गम्हरिया क्षेत्र में रथ यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी गुरुवार, 16 जुलाई को संध्या चार बजे बड़ा गम्हरिया बस्ती के बोल तल दुर्गा मंदिर से भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी जो प्रथम दिन जगन्नाथ मंदिर तक पहुंच कर संपन्न होगी। तत्पश्चात, आगामी 17 जुलाई को वहां से रथ यात्रा प्रारंभ होगी जो मौसी बाड़ी तक जाएगी जहाँ महाप्रभु अपने भाई बलराम और सुभद्रा के साथ सात दिनों तक विश्राम करेंगे। उन्होंने बताया कि इस रथ यात्रा को लेकर जोर शोर से तैयारी की जा रही है। स्थानीय महिलाओं द्वारा महाप्रभु के रथ गुजरने वाले रास्ते पर रंगोली बनाकर सँवारा जा रहा है। वहीं, समिति के सदस्यों द्वारा रथ को भव्य रूप से भव्य व आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। इस महोत्सव को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।

