राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुसाबनी थाना क्षेत्र में 25 कार्टन विदेशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन जब्त किया है। ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल के नेतृत्व में मध्यरात्रि की गई छापेमारी में चालक जानूम सिंह सुंडी और खलासी सोमा पूर्ति को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि शराब जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित दुकान से लोड कर पुरुलिया निवासी बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी। पुलिस के अनुसार जब्त वाहन भी बुधराम बेसरा का है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले में मुसाबनी थाना कांड संख्या 23/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/275 एवं आबकारी अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

