कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेश सोंथालिया ने किया एफसीआई के सीएमडी का अभिनंदन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई-फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) रवींद्र कुमार अग्रवाल के जमशेदपुर प्रवास के दौरान कंफडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेश सोंथालिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज बिंदल मॉल में रवींद्र अग्रवाल से शिष्टाचार मुलाकात की। रवींद्र अग्रवाल वर्ष 2008-10 में पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त के पद पर भी अपनी सेवा दे चुके हैं। इस मुलाकात के दौरान रवींद्र अग्रवाल ने सुरेंश सोंथालिया के अलावा भरत वसानी, किशोर गोलछा व दिलीप गोयल, कमल अग्रवाल से बेहद आत्मीयता के साथ मुलाकात की और कई पुरानी यादों को ताजा किया।
बातचीत के दौरान में उन्होंने बताया कि खाद्यान्न के मामले में झारखंड घाटे वाला राज्य हैं। यहां प्रतिवर्ष खाद्यान्न की खपत 29 से 30 लाख मीट्रिक टन है जबकि राज्य सरकार मात्र तीन से चार लाख मीट्रिक टन ही किसानों से खरीद पाती है। इसके अलावा झारखंड सरकार साइलो प्रोजेक्ट के तहत अनाज भंडारण में भी कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है इसलिए यहां के गोदाम आज भी पारंपरिक रूप से संचालित हो रहे हैं। इस मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कमल अग्रवाल ने भी रवींद्र अग्रवाल से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया।

