बिरसानगर में तेज रफ्तार 407 का कहर: चार बाइक, बलेनो कार और बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त, चालक फरार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार 407 बालू लदे ट्रक ने जमकर तबाही मचाई। अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी चार मोटरसाइकिलों, एक बलेनो कार और एक बाउंड्रीवाल को टक्कर मार दी। हादका इतना भीषण था कि जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक चालक कथित रूप से शराब के नशे में था और तेज गति से बस्ती क्षेत्र से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे पार्किंग में खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाउंड्रीवाल भी टूट गई।
घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश की जा रही है।
इधर रविवार सुबह से स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर बिरसानगर मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वह अवैध बालू ढुलाई का प्रमुख रास्ता है। उनका कहना है कि बालू माफिया इसी मार्ग से चोरी का बालू शहर में पहुंचाते हैं, जिससे आए दिन तेज रफ्तार भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया है। मामले की जांच जारी है।

