राष्ट्र संवाद संवाददाता
आस्था, श्रद्धा और भक्ति के महापर्व प्रभु जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव को लेकर चांडिल के श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर है। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतर्गत संचालित साधु बांध मठिया परिसर में 29 जून को भगवान जगन्नाथ स्नान यात्रा से भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा।
मठिया के महंत विद्यानंद सरस्वती ने बताया कि पूर्णिमा स्नान यात्रा के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। 29 जून की सुबह 9 बजे प्रभु जगन्नाथ, भाई बलराम एवं बहन सुभद्रा का वैदिक मंत्रोच्चारण और पंचामृत से विधिवत स्नान कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
महंत ने बताया कि स्नान यात्रा के उपरांत भगवान जगन्नाथ अस्वस्थ हो जाते हैं और परंपरा के अनुसार अज्ञातवास में रहते हैं। इस दौरान भक्तों को प्रभु के दर्शन नहीं होंगे। 14 जुलाई को आषाढ़ अमावस्या के अवसर पर नवयौवन दर्शन एवं नेत्र उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अनुष्ठान में प्रभु जगन्नाथ के नेत्रों का उपचार कर भक्तों को उनके अलौकिक स्वरूप के दर्शन कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई 2026 को भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। रथ यात्रा में श्रद्धालु प्रभु जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन के साथ भगवान मौसीबाड़ी स्टेशन पहुँचेंगे.
वहीं 24 जुलाई को घूरती रथ यात्रा निकाली जाएगी। चांडिल स्टेशन स्थित मौसी बाड़ी से भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा पुनः साधु बांध मठिया लौटेंगे।

