भालूबासा के विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास के लिए सक्रिय हुईं पूर्णिमा साहू, जल्द होगा दुकान आवंटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भालूबासा गोलचक्कर से सीतारामडेरा मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित छह दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने जिला उपायुक्त को पत्र भेजकर सभी प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र दुकान आवंटित करने की मांग की है, ताकि वे पुनः अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
सोमवार को विधायक पूर्णिमा साहू प्रभावित दुकानदारों के साथ जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय पहुंचीं, जहां अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दस्तावेज जमा कराए गए। बैठक में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने आश्वासन दिया कि सभी छह दुकानदारों को जल्द दुकान आवंटित कर दी जाएगी। वहीं, प्रक्रिया की निगरानी के लिए स्पेशल ऑफिसर विश्वजीत महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विधायक ने कहा कि प्रभावित दुकानदारों का पुनर्वास मानवीय दृष्टिकोण से बेहद जरूरी है और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करना चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने स्थल निरीक्षण कर दुकानदारों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाया था।
दूसरी ओर, पुनर्वास की दिशा में ठोस पहल होने पर प्रभावित दुकानदारों ने विधायक पूर्णिमा साहू के प्रति आभार जताते हुए जल्द व्यवसाय शुरू होने की उम्मीद व्यक्त की है।

