मानगो जलापूर्ति योजना फेज-2 को मिली रफ्तार, एनएच-33 किनारे पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू
मेयर सुधा गुप्ता ने किया स्थल निरीक्षण, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मानगो नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को बेहतर एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मानगो शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2, पार्ट-B के अंतर्गत एनएच-33 के रॉव (Right of Way) में पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ हो गया है, कार्य जयपाल कॉलोनी से होकर मुख्य पाइप लाइन तक जायेगा!
कार्य प्रारंभ होने पर मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने संबंधित अभियंताओं एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना मानगो क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित योजनाओं में से एक है, जिसके पूर्ण होने के बाद हजारों परिवारों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
मेयर ने कहा कि इस परियोजना के क्रियान्वयन में लंबे समय से कई तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाएं आ रही थीं। विशेष रूप से एनएच-33 के रॉव में पाइपलाइन एलाइनमेंट निर्धारण को लेकर विभिन्न स्तरों पर समन्वय एवं स्वीकृतियों की आवश्यकता थी। लगातार प्रयासों, विभागीय समन्वय और जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद सभी बाधाओं का समाधान हुआ और अब कार्य धरातल पर शुरू हो गया है।
उन्होंने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य मानगो शहरी जलापूर्ति योजना के विस्तार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे भविष्य में जलापूर्ति नेटवर्क को मजबूत किया जा सकेगा तथा विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति की समस्याओं का स्थायी समाधान संभव होगा।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर निगम लगातार जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्य कर रहा है और आने वाले समय में इस योजना के सकारात्मक परिणाम आम नागरिकों को देखने को मिलेंगे।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान होने वाली अस्थायी असुविधाओं को जनहित में स्वीकार करें, ताकि क्षेत्र में दीर्घकालिक एवं बेहतर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी निशांत कुमार , जेइ अमित आनंद,जेइ रुपलाल तकनीकी पदाधिकारी, कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मेयर ने स्पष्ट किया कि योजना के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

