मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026 : 30 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, पहले चरण में नहीं मांगे जाएंगे दस्तावेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले इन्यूमरेशन फेज में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। इस चरण में किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरकर, फोटो चिपकाकर एवं हस्ताक्षर कर उसकी एक प्रति बीएलओ को जमा करनी होगी। प्रवासी श्रमिकों और राज्य से बाहर रहने वाले विद्यार्थियों के लिए भी ऑनलाइन माध्यम से प्रपत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक चलने वाले सत्यापन चरण में केवल चिन्हित मतदाताओं से ही आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे। जिन मतदाताओं या उनके अभिभावकों का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी।
वर्तमान मतदाता सूची में नाम नहीं होने वाले पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 भरकर आवेदन करना होगा। किसी भी जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950, ECINET पोर्टल और मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी, जबकि 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। साथ ही 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला की बैठकें आयोजित की जाएंगी।

