नागाडीह मैदान में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, लोडेड पिस्टल और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित नागाडीह मैदान में पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को समय रहते विफल कर दिया। 21 जून की रात करीब 11:50 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग मैदान में जमा होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नागाडीह मैदान में छापेमारी की और दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी (46 वर्ष) और समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34 वर्ष) के रूप में हुई है। मंगल टुडू आदित्यपुर-2 स्थित इच्छापुर उपर टोला, थाना आरआईटी, जिला सरायकेला-खरसावां का निवासी है, जबकि समरेश रविदास पूर्वी सिंहभूम जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केरवाडुंगरी का रहने वाला है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की है। बरामद हथियार और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है।
इस संबंध में बागबेड़ा थाना में प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस प्रकार की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मंगल टुडू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

