- मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने पर जोर, टेल्को थाना में शांति समिति की बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 19 जून। टेल्को थाना परिसर में शुक्रवार को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार, मोहर्रम पर्व के लिए नियुक्त दंडाधिकारी अजय कुमार, केंद्रीय एवं थाना शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न मोहर्रम अखाड़ा कमेटियों के लाइसेंसी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में अखाड़ा कमेटियों ने क्षेत्र में साफ-सफाई, बिजली-पानी की नियमित आपूर्ति, हुडको डैम स्थित निशान ठंडा करने वाले घाट के सुव्यवस्थितकरण तथा खड़ंगाझार चौक सड़क की मरम्मत की मांग उठाई।
डीएसपी संजीव कुमार ने कहा कि सभी अखाड़ा कमेटियां निर्धारित समय पर जुलूस निकालें और समय पर ठंडा करें, ताकि अनुशासन एवं विधि-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने अखाड़ों से निर्धारित रूट का पालन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की।
दंडाधिकारी अजय कुमार ने सोशल मीडिया एवं एआई के माध्यम से फैलाए जाने वाले भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना प्रशासन और पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक का संचालन नंदलाल सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आमिर अली अंसारी ने किया। बैठक में ओमप्रकाश उपाध्याय, रियाजुद्दीन खान, चंद्रभान सिंह, इम्तियाज अहमद, शाहिद परवेज, मोहम्मद आलमताज, रिजवान उल्ला खान, निसार अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

