राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत इटागढ़ गांव के जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घने जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद गम्हरिया थाना पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि इटागढ़ के जंगल में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। शव तक पहुंचने का रास्ता काफी दुर्गम और कच्चा होने के कारण पुलिस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बताया गया है कि शव लाने के लिए जा रही पुलिस वाहन जंगल के रास्ते में ही फंस गई।इसके बाद दूसरे वाहन और अतिरिक्त संसाधनों की मदद से पुलिस टीम काफी मशक्कत के बाद शव तक पहुंची और रेस्क्यू कर शव को जंगल से बाहर निकाला।बताया गया है कि शव काफी पुराना हो चुका था और पूरी तरह सड़-गल गया था जिससे उस पर कीड़े लग चुके थे। इस कारण आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही थी। बदबू महसूस होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल में जाकर देखा, जहां शव पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना गम्हरिया थाना को दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

