राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) के रामपुर से घाटशिला के समीप महुलिया तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन गुरुवार को चौका स्थित रोड ओवरब्रिज के पश्चिमी छोर पर किया गया। 214.79 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य का शुभारंभ भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ एवं जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
भूमि पूजन के बाद दादूबागान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार कांग्रेस पार्टी की बैसाखी पर खड़ी है। आरोप लगाया कि मंईयां सम्मान योजना से 11 लाख महिलाओं के नाम हटा दिए गए हैं और राज्य में विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों की पहुंच से बालू दूर हो गई है तथा सरकार ने बालू को सोना बना दिया है।
संजय सेठ ने कहा कि भाजपा ने झारखंड को बनाया है और आगे भी राज्य के विकास के लिए कार्य करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2029 में भाजपा की सरकार बनाने के लिए संकल्प लेने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि जुलाई माह के अंतिम सप्ताह तक पितकी फ्लाईओवर चालू हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, पूर्व जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव, वरिष्ठ भाजपा नेता देवाशीष राय, पूर्व सांसद प्रतिनिधि विशाल चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो, जिला मंत्री पप्पू वर्मा, अनिल सिन्हा सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

