जिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में संगठन विस्तार व बूथ सशक्तिकरण पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की संगठनात्मक बैठक बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के संगठन प्रभारी सतीश पाल मुंजनी, जिला प्रभारी शशिभूषण राय सहित कई प्रदेश और जिला पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने तथा प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर पर संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने छहों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग संगठनात्मक बैठकें करने और पदाधिकारियों के व्हाट्सएप समूह बनाकर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने का निर्णय लिया।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों को जिला, प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। बैठक में जनसमस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार लगाने, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

