राष्ट्र संवाद संवाददाता
पटमदा प्रखंड की ओड़िया पंचायत अंतर्गत कांकु गांव में प्रस्तावित पत्थर खदान के विरोध में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को सैकड़ों महिला-पुरुषों ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर खनन परियोजना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 5.90 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित खदान के आसपास अंतरराष्ट्रीय बागीचा, आंगनबाड़ी केंद्र, आवासीय घर और जाहेरथान स्थित हैं। उनका आरोप है कि खदान संचालन के दौरान होने वाले विस्फोट, धूल और प्रदूषण से ग्रामीणों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सभा में सर्वसम्मति से खदान का विरोध किया गया है। उनका कहना है कि कांकु गांव अनुसूचित क्षेत्र में आता है, इसलिए ग्राम सभा के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से खदान की स्वीकृति प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और आगे की कार्रवाई स्थगित करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी भेजी गई है।

