छूटता छोर अंतिम मोड़’ उपन्यास का लोकार्पण, साहित्य प्रेमियों की रही उपस्थिति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन के मानस सभागार में वरिष्ठ साहित्यकार एवं साहित्य समिति के सह सचिव ब्रजेन्द्र नाथ मिश्र के हिन्दी उपन्यास ‘छूटता छोर अंतिम मोड़’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तुलसी भवन के उपाध्यक्ष रामनंदन प्रसाद ने की, जबकि संचालन डॉ. वीणा पाण्डेय भारती ने किया।
समारोह के मुख्य अतिथि टाटा मोटर्स के पूर्व महाप्रबंधक डॉ. चन्देश्वर खां एवं विशिष्ट अतिथि हरि किशन चावला रहे। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। वक्ताओं ने उपन्यास को आधुनिक परिवेश में युवा स्त्री-पुरुष संबंधों की संवेदनशील अभिव्यक्ति बताते हुए इसकी विषयवस्तु और शीर्षक की सराहना की।
कार्यक्रम में लेखक का परिचय सुरेश चन्द्र झा तथा काव्यात्मक परिचय डॉ. यमुना तिवारी ‘व्यथित’ ने प्रस्तुत किया। अंत में रीना सिन्हा ‘सलोनी’ ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में शहर के अनेक साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों एवं साहित्य प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

