राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चाकुलिया स्थित जियो टावर में चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक युवक एवं एक नाबालिग को चोरी किए गए केबल के साथ पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को जियो टावर से केबल चोरी करते हुए रजनीश कुमार सिंह (24 वर्ष) एवं एक नाबालिग लड़के को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। रजनीश कुमार सिंह स्थायी पता बेलागंज थाना क्षेत्र, गया (बिहार) तथा वर्तमान पता जुगसलाई, राजस्थान सेवा सदन के निकट, पूर्वी सिंहभूम बताया गया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के निर्देश पर आरोपी रजनीश कुमार सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मंडल कारा, सरायकेला भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह, चाईबासा भेजा गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है तथा चोरी की अन्य घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

