एमजीएम अस्पताल को जल्द मिलेगी निर्बाध पेयजल आपूर्ति, उपायुक्त ने निर्माणाधीन वाटर टावर का किया निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवादाता
15 जून तक कार्य पूरा कर जलापूर्ति शुरू करने का निर्देश, देरी पर होगी कानूनी कार्रवाई
जमशेदपुर: उपायुक्त राजीव रंजन ने मानगो के बालिगुमा स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर निर्माणाधीन वाटर टावर एवं पेयजलापूर्ति परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य एजेंसी को हर हाल में 15 जून तक परियोजना पूर्ण कर एमजीएम अस्पताल में पेयजलापूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विद्युत कनेक्शन की समस्या सामने आने पर उन्होंने विद्युत विभाग को शीघ्र बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही एनएचएआई से आवश्यक एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने को कहा गया। उपायुक्त ने कहा कि परियोजना पूरी होने से एमजीएम अस्पताल में नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे मरीजों, परिजनों और अस्पताल प्रबंधन को बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी, मानगो नगर निगम के अधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

