राष्ट्र संवाद संवाददाता
दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण होरिया द्वारा बुधवार को कांड्रा स्टेशन का दौरा कर निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लेकर समीक्षा किया। अपने दौरे के क्रम में डीआरएम ने भीषण गर्मी के मद्देनजर स्टेशन पर किए गए पेयजल व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा के लिए इंतजामों की भी समीक्षा की और अधिकारियों से वर्तमान सुविधाओं के साथ-साथ भविष्य में प्रस्तावित विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के पश्चात डीआरएम तरुण होरिया ने कहा कि कांड्रा जंक्शन के समग्र विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन योजनाओ के तहत प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने, यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट स्थापित करने तथा स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांड्रा स्टेशन को एक आधुनिक और यात्री-अनुकूल रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में रेल आवागमन भी अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा। बताया गया है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद कांड्रा स्टेशन की पहचान क्षेत्र के प्रमुख आधुनिक रेलवे स्टेशनों में होगी। इससे स्थानीय लोगों, यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ मुख्य रूप से चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी, कांड्रा स्टेशन मास्टर विवेक कुमार, आरपीएफ प्रभारी अश्मित वर्मा समेत कई रेल अधिकारी मौजूद रहे।

