स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा की मांग को लेकर रैपिडो राइडर्स की बाइक रैली, डीसी से लगाई गुहार
राष्ट्र संवाद संवादाता
बोकारो में रैपिडो राइडर्स ने अपनी विभिन्न मांगों और सुरक्षा को लेकर आवाज बुलंद की है। सैकड़ों राइडर्स बाइक रैली निकालकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और डीसी को ज्ञापन सौंपकर स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की।
बोकारो जिले में कार्यरत रैपिडो कैप्टनों ने मंगलवार को संगठित होकर बाइक रैली निकाली और समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राइडर्स ने कहा कि वे अपने परिवार का भरण-पोषण ईमानदारी से राइडिंग का कार्य कर करते हैं, लेकिन बोकारो रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में उन्हें आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राइडर्स का आरोप है कि कुछ ऑटो चालकों और ऑटो एसोसिएशन से जुड़े लोगों द्वारा उन्हें ग्राहकों को लेने से रोका जाता है। कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि राइडर्स से बाइक की चाबी छीनने, गाली-गलौज करने, मारपीट करने और नुकसान पहुंचाने की धमकी देने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।
रैपिडो कैप्टनों ने कहा कि इन घटनाओं के कारण वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उनके काम करने की स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, दोषी तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा बिना किसी भय के कार्य करने का माहौल सुनिश्चित करने की मांग की है।
“हम लोग कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहते हैं।
लेकिन स्टेशन क्षेत्र में हमें लगातार परेशान किया जाता है। प्रशासन हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे।”
ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और स्टेशन मास्टर को भी भेजी गई है। अब रैपिडो राइडर्स को प्रशासन की ओर से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि वे सुरक्षित माहौल में अपना रोजगार जारी रख सकें।

