मानगो में सड़क किनारे खड़ी बस में लगी भीषण आग, जलकर हुई खाक
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे खड़ी एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 स्थित राज मोबाइल के समीप की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लोगों ने बस से धुआं और आग की लपटें उठती देख इसकी सूचना संबंधित विभागों और पुलिस को दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार उक्त बस रोजाना रात में उसी स्थान पर खड़ी की जाती थी और सुबह अपने निर्धारित रूट पर संचालित होती थी। घटना के समय बस सड़क किनारे खड़ी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
आग की चपेट में आने से पास स्थित बिजली विभाग का एक पोल और कई विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। तार जल जाने से आसपास के इलाके की बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों और अन्य संपत्तियों को भी भारी नुकसान हो सकता था। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

