कार को बचाने के प्रयास में फ्लाई ऐश लदा हाईवा हादसे का शिकार, टावर पोल से टकराकर डिवाइडर पर चढ़ा
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हावड़ा ब्रिज के समीप देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब फ्लाई ऐश लेकर जा रहा एक हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे टावर पोल से टकराने के बाद डिवाइडर पर चढ़ गया। दुर्घटना में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा गोलमुरी से साकची की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक सामने आई एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ दिया। वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक संतुलन नहीं बना सका और हाईवा अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वाहन पहले टावर पोल से टकराया और फिर डिवाइडर पर चढ़कर रुक गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार को बचाने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

