राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 44 वर्षीय संजय बोयपाई गुईगांव के निवासी थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार देर रात भोजन करने के बाद वे अपने घर के आंगन में सोए हुए थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे दो-तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए कनपटी पर गोली मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई तथा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में लग गई। पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी मरियम बोयपाई, पुत्र आकाश बोयपाई (18 वर्ष) और शीतल बोयपाई (15 वर्ष) सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस निर्मम हत्या से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा जताया है।

