हिंदी पत्रकारिता दिवस पर छात्राओं ने लिया शिक्षकों का साक्षात्कार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 30 मई। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जमशेदपुर ग्रैजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वूमेन के हिन्दी विभाग द्वारा अनूठे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों का साक्षात्कार लेकर पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्ष को समझने का प्रयास किया।
हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुमारी ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व है। वहीं हिन्दी विभाग के डॉ. राकेश कुमार पाण्डेय ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 30 मई 1826 को ‘उदन्त मार्तण्ड’ के प्रकाशन के साथ हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत हुई थी। उन्होंने डिजिटल युग में फेक न्यूज की चुनौती और निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने शिक्षकों से उनकी प्रेरणा, तैयारी, संघर्ष, सफलता के सूत्र और विद्यार्थियों के लिए संदेश जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे। हिन्दी, अंग्रेजी, इतिहास एवं भूगोल विभाग के शिक्षकों के साक्षात्कार लिए गए। छात्राओं ने इसे नया और प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए कहा कि शुरुआत में घबराहट हुई, लेकिन शिक्षकों के सहयोग से आत्मविश्वास बढ़ा।
अंत में डॉ. भारती कुमारी ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने छात्राओं को पत्रकारिता की बारीकियों से परिचित कराने के साथ संवाद कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान किया।

