राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत दिरीबुरु पंचायत के ठाकुरा गांव में शुक्रवार को आयोजित ग्राम सभा में बड़ा फैसला लिया गया। जामदा पीढ़ मानकी साजन चातोम्बा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से वर्तमान मुंडा दामु चाम्पिया को पद से विमुक्त कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि दामु चाम्पिया की गुवा सेल खदान में नौकरी लग चुकी है, जबकि पारंपरिक मानकी-मुंडा व्यवस्था के नियमों के अनुसार मुंडा पद पर रहते हुए किसी सरकारी या निजी संस्थान में नौकरी करना नियम विरुद्ध माना जाता है। ग्राम सभा में 9 मौजा के मुंडा, डाकुआ, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि नए मुंडा के चयन तक मुंडा पद का कार्यभार जामदा पीढ़ मानकी की देखरेख में संचालित होगा। साथ ही नए मुंडा के चयन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए प्रशासन और मुंडा-मानकी संघ को पत्र भेजने का भी फैसला लिया गया।

