राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के खनन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त दो लौह अयस्क वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 22,500 घनफीट अवैध बालू भंडारण भी पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा तथा चौका थाना पुलिस की टीम ने जमशेदपुर-रांची राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच-33) पर देर रात औचक वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान लौह अयस्क लदे वाहन संख्या JH05DL1151 और NL01AF5867 के चालक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर चौका थाना में सुरक्षित रखा गया। मामले में खनन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं तड़के सुबह ईचागढ़ थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी तट स्थित सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में भी संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध उत्खनन नहीं मिला, लेकिन विभिन्न जीआर स्थलों पर अवैध रूप से भंडारित करीब 22,500 घनफीट बालू जब्त किया गया। प्रशासन ने बताया कि जब्त बालू की ई-नीलामी जल्द कराई जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

