मनपीटा तालाब में डूबने से 7 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनपीटा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान मनपीटा निवासी बहादूर मुंडा के 7 वर्षीय पुत्र वीर मुंडा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वीर मुंडा अन्य बच्चों के साथ मनपीटा स्थित साई मंदिर के पीछे बने तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा।
बच्चे को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से वीर को तालाब से बाहर निकालकर तुरंत इलाज के लिए टेल्को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक पानी में डूबने से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई।
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे मनपीटा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए तालाबों और जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।

