महतोडीह मतदान केंद्र में मतदाता मैपिंग कार्य का उपायुक्त ने लिया जायजा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 114, सामुदायिक भवन महतोडीह में चल रहे मतदाता मैपिंग कार्य का शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा कई मतदाताओं से बातचीत कर प्रक्रिया की जानकारी ली।
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 23 मई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि 23 और 24 मई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगे, जहां मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। जिन मतदाताओं का नाम सूची में छूट गया है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपना मैपिंग कार्य करा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि छूटे हुए अथवा अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।

