पारडीह में दुकान की छत काटकर चोरी, 85 हजार नकद समेत सामान ले उड़े चोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित पारडीह चौक में बीती रात चोरों ने “मामा स्टोर” नामक गल्ला दुकान को निशाना बनाते हुए एसबेस्टस की छत काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब 85 हजार रुपये नकद और लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए।
दुकान संचालक महेश सिंह के अनुसार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर जाने के बाद चोरों ने छत काटकर अंदर प्रवेश किया। सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। नकद राशि दुकान में दूध, दही व अन्य सामग्री के भुगतान के लिए रखी गई थी।
घटना की सूचना पर भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और मानगो थाना में शिकायत दर्ज कर जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते नशे और अवैध लॉटरी कारोबार को अपराध बढ़ने का कारण बताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की।

