जामताड़ा में पर्यटन, खेल और जिला योजना कार्यों की समीक्षा, विकास योजनाओं में तेजी के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में पर्यटन, खेल तथा जिला योजना कार्यालय से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के अधिसूचित पर्यटक स्थलों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को अगली बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल नौ अधिसूचित पर्यटक स्थल हैं। इनमें लादना डैम और पर्वत विहार पार्क सहित कई धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थल शामिल हैं। लादना डैम के पर्यटन विकास, आइलैंड सौंदर्यीकरण और नौका विहार जैसी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विवाह भवनों के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए न्यूनतम शुल्क निर्धारण की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया।
खेल विभाग की समीक्षा के दौरान रानीडीह फुटबॉल स्टेडियम, डे-बोर्डिंग सेंटर और खेलो इंडिया योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। जिले में आउटडोर और इनडोर खेलों को बढ़ावा देने, बच्चों को प्रेरित करने और खेल आयोजनों के नियमित संचालन के निर्देश दिए गए।
जिला योजना कार्यालय की समीक्षा में अनाबद्ध निधि से संचालित योजनाओं के कार्यान्वयन को नियमानुसार पूरा करने तथा स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

